Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Weather : छत्तीसगढ़ में थमी बारिश, उमस से बढ़ी बेचैनी, बुधवार से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ने से बारिश की रफ्तार धीमी, कई इलाकों में उमस भरी गर्मी; अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगह भारी बारिश और वज्रपात के आसार।

CG Weather : छत्तीसगढ़ में थमी बारिश, उमस से बढ़ी बेचैनी, बुधवार से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
X

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने से बारिश पर फिलहाल ब्रेक लगा हुआ है। कई इलाकों में धूप निकलने के कारण दिन के तापमान के साथ उमस भी बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहने वाली है। बुधवार से प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। वहीं आगामी दो दिनों में कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ आंधी-गरज और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

सोमवार को प्रदेश में कुछ ही स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो दुर्ग में 33.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 8 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कुसमी में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कटेकल्याण में 3 सेमी, कुआकोंडा और नानगुर में 2-2 सेमी वर्षा हुई। वाड्रफनगर, गादीरास, अमलीपदर, बस्तर, बकावंड, पेंड्रा और गंगालूर में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के आसपास रही है, हालांकि कुल वर्षा में करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। ऐसे में बुधवार से बढ़ने वाली बारिश की गतिविधियां प्रदेश के वर्षा आंकड़ों के लिए अहम मानी जा रही हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019