Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Weather Alert : बंगाल की खाड़ी के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी

CG Weather Alert : बंगाल की खाड़ी के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी
X

CG Weather Alert : रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने और कई इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज और जमशेदपुर से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

यलो अलर्ट वाले जिले

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, कोरिया समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में नवागढ़ में 8 सेमी, भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेमी, सरायपाली में 6 सेमी, जबकि राजनांदगांव, बसना, गिरौदपुरी, अर्जुन्दा और अन्य क्षेत्रों में 4 से 5 सेमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.7°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.0°C पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019