Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Suspended : महासमुंद में वेतन भुगतान में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य समेत 3 कर्मचारी निलंबित

सिरपुर के शासकीय स्कूल में वेतन और भत्तों की राशि बढ़ाकर भुगतान कराने का आरोप, लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रभारी प्राचार्य समेत सहायक ग्रेड-2 के दो कर्मचारियों पर की कार्रवाई।

CG Suspended : महासमुंद में वेतन भुगतान में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य समेत 3 कर्मचारी निलंबित
X

CG Suspended : महासमुंद। सरकारी कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनियमितता और शासकीय राशि को नुकसान पहुंचाने के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने बड़ी कार्रवाई की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरपुर से जुड़े प्रकरण में प्रभारी प्राचार्य समेत तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित कर्मचारियों में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर, सहायक ग्रेड-2 नारायण प्रसाद निर्मलकर और अकील मोहम्मद खान शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार, सहायक ग्रेड-2 नारायण प्रसाद निर्मलकर पर जुलाई 2024 के वेतन एवं भत्तों में अत्यधिक वृद्धि कर वेतन देयक के जरिए कोषालय से राशि आहरित और वितरित करने का आरोप है। इसके अलावा मई 2025 से जनवरी 2026 के बीच नियमित वेतन देयकों में मूल वेतन और भत्तों की राशि बढ़ाकर ऑनलाइन बिल तैयार करने और ई-बिल के माध्यम से भुगतान कराने का भी आरोप लगाया गया है।

विभागीय आदेश में इस पूरे प्रकरण को शासकीय नियमों की अनदेखी और मिलीभगत के जरिए सरकारी धन को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा बताया गया है।

मामले में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर और सहायक ग्रेड-2 अकील मोहम्मद खान पर भी जिम्मेदारी तय करते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान तीनों कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और जांच जारी रहने की जानकारी दी गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019