Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : सीएम साय और शिवराज सिंह चौहान ने 121 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, कृषि विज्ञान केंद्र कॉलेज की घोषणा

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में गुरुवार को विकास की नई शुरुआत हुई। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जिले को बड़ी सौगात मिली।

CG News : सीएम साय और शिवराज सिंह चौहान ने 121 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, कृषि विज्ञान केंद्र कॉलेज की घोषणा
X

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में गुरुवार को विकास की नई शुरुआत हुई। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जिले को बड़ी सौगात मिली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्र कॉलेज की स्थापना की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और किसानों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में जिले के लिए 121.70 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इनमें 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 23 कार्यों का भूमिपूजन शामिल रहा।

42 करोड़ से अधिक के कार्यों का हुआ लोकार्पण

समारोह में कुल 4,245.65 लाख रुपये की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं 7,925.02 लाख रुपये की लागत वाले 23 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जहां स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक पेश की।

विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी का किया निरीक्षण

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीण विकास, कृषि, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मिली खुशियों की चाबी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश में बनाए गए 2 लाख नए आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का वीडियो प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत AI आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पांच हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से नए घर की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया गया।

ग्रामीण आजीविका और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई। इसमें वीबी-जी रामजी योजना के तहत ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन और ‘अथ उद्यम-आजीविका से उद्यमिता की ओर’ कार्यक्रम के तहत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ किया गया।

लखपति दीदी और उत्कृष्ट पंचायतों का सम्मान

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बेहतर कार्य करने वाली लखपति दीदी और डीलर दीदी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रदेश की 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान दिया गया।

सक्ती के विकास को मिलेगी नई गति

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र कॉलेज की घोषणा के साथ ही नए विकास कार्यों से सक्ती जिले में शिक्षा, कृषि, रोजगार और ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019