CG News : पुलिस कस्टडी में युवक की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत, आरक्षक सस्पेंड
जांजगीर-चांपा में शराब मामले में हिरासत में लिए युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप; SP ने आरक्षक पर की कार्रवाई

CG News : जांजगीर-चांपा। चांपा में अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक कुल्लू उर्फ शिव सहिस की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गरमा गया है। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।
पुलिस के मुताबिक, कुल्लू को बुधवार को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत हिरासत में लिया गया था। शाम को तबीयत बिगड़ने पर उसे चांपा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत में सुधार नहीं होने पर जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों ने हिरासत के दौरान मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। मामले में SP विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।
मृतक पांच बच्चों का पिता था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम है, वहीं घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई और युवक की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


