CG News : जायसवाल निको स्टील प्लांट में श्रमिक की मौत, परिजनों और ग्रामीणों का फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी श्रमिक की तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने मांगा मुआवजा और स्थायी नौकरी

CG News : धरसीवां। रायपुर जिले के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित जायसवाल निको स्टील प्लांट में एक श्रमिक की मौत के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। घटना से नाराज मृतक के परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के साथ फैक्ट्री के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
मृतक की पहचान मोहदा निवासी संतोष वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, संतोष लंबे समय से जायसवाल निको स्टील प्लांट में श्रमिक के रूप में काम कर रहा था। सोमवार दोपहर ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद प्लांट प्रबंधन उसे रायपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्रमिक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्ट्रियों में मजदूरों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराया जाता है। उन्होंने भारी प्रदूषण और खतरनाक गैसों के भंडारण को लेकर भी चिंता जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कर सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल श्रमिक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।


