CG News : जमीन पर सो रही दो बहनों की अचानक बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, जहरीले जीव के काटने की आशंका
बिलासपुर के खैरा-लगरा गांव में 13 वर्षीय नीशू ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, 6 वर्षीय तेजस्वनी अस्पताल में भर्ती; दोनों के एक साथ बीमार पड़ने से जताई जा रही आशंका, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी स्पष्ट

CG News : बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के खैरा-लगरा गांव में एक परिवार में उस वक्त मातम पसर गया, जब जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान 13 वर्षीय नीशू की मौत हो गई। वहीं उसकी 6 वर्षीय बहन तेजस्वनी का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों बहनें घर में जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। दोनों की हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान बड़ी बहन नीशू ने दम तोड़ दिया, जबकि तेजस्वनी की हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों बहनों के एक साथ बीमार पड़ने के कारण परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नीशू की मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं तेजस्वनी के स्वास्थ्य पर भी चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।


