CG News : अभावों में पल रहा सुमेन देख रहा बड़ा सपना, कहा- कलेक्टर बनकर करूंगा गरीबों की मदद
पहली कक्षा के छात्र ने सेवा संकल्प अभियान में दिखाई प्रतिभा, कलेक्टर के सवाल पर बेझिझक बोला- गरीबों की सेवा करना मेरा सपना है

CG News : पखांजुर। कांकेर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम में पहली कक्षा के छात्र सुमेन हालदार ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से सबका ध्यान खींच लिया। छोटी सी उम्र में सुमेन ने ऐसा सपना बताया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चित्रकला में 105 और भाषण प्रतियोगिता में 95 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसी दौरान सुमेन ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जब कलेक्टर ने उससे पूछा कि वह बड़ा होकर क्या बनना चाहता है, तो सुमेन ने बिना झिझक कहा—“मुझे कलेक्टर बनना है... कलेक्टर बनकर गरीबों की मदद करना है।”
सुमेन का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। परिवार के मुताबिक, राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके बावजूद सुमेन पढ़ाई और अपने सपनों को लेकर बेहद उत्साहित है।
परिवार ने बताया कि 15 अगस्त से पहले सुमेन का हाथ टूट गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वतंत्रता दिवस पर भाषण देने की उसकी इतनी इच्छा थी कि वह इसके लिए रोने लगा। बच्चे की इच्छा को देखते हुए डॉक्टरों ने अस्पताल में ही उसके लिए भाषण देने की व्यवस्था की। सुमेन ने अस्पताल से ही भाषण दिया, जिसे देखकर डॉक्टर भी उसकी प्रतिभा और हौसले से प्रभावित हुए।
परिवार के अनुसार, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने भी सहयोग किया और इलाज की राशि में रियायत दी, जिसके बाद सुमेन को अस्पताल से छुट्टी मिल सकी।
सुमेन की कहानी अभावों के बीच बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के हौसले की कहानी है। पहली कक्षा में पढ़ने वाला यह बच्चा आज कलेक्टर बनने का सपना देख रहा है और गरीबों की मदद करना चाहता है। जरूरत है तो सिर्फ उसे सही अवसर, शिक्षा और मार्गदर्शन मिलने की, ताकि उसका यह बड़ा सपना भविष्य में हकीकत बन सके।


