Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : तालाब में मिला लापता किशोर का शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका से जांच तेज

बलौदाबाजार के खटियापाटी गांव में तालाब की झाड़ियों के बीच मिला 16 वर्षीय सुजल गेंडरे का शव, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

CG News : तालाब में मिला लापता किशोर का शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका से जांच तेज
X

CG News : बलौदाबाजार। जिले के खटियापाटी गांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब में एक 16 वर्षीय किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान सुजल गेंडरे के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सुजल एक दिन पहले से लापता था और घर वापस नहीं लौटा था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। अब शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

झाड़ियों के बीच फंसा मिला शव

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गांव के तालाब में झाड़ियों के बीच शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुट गए। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान होने की बात सामने आई है। इस वजह से उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, चोट कैसे लगी और किशोर की मौत किन हालात में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खुमान सिन्हा ने बताया कि सोमवार सुबह सुजल गेंडरे का शव गांव के तालाब में मिला। किशोर के लापता होने की रिपोर्ट पहले ही कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। एएसपी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019