Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : खैरागढ़ में H1N1 की दस्तक, 4 साल का बच्चा पॉजिटिव, घर-घर सर्वे शुरू

छुईखदान के वार्ड नंबर 9 में मिला H1N1 संक्रमित बच्चा, राजनांदगांव के अस्पताल में इलाज जारी, स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के सैंपल लेकर निगरानी बढ़ाई

CG News : खैरागढ़ में H1N1 की दस्तक, 4 साल का बच्चा पॉजिटिव, घर-घर सर्वे शुरू
X

CG News : खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र में स्वाइन फ्लू (H1N1) का मामला सामने आया है। नगर के वार्ड नंबर 9 स्थित कन्डरापारा निवासी 4 वर्षीय बालक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। बच्चे का राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय

जानकारी के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर परिजन बच्चे को राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकीय जांच के दौरान H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। रिपोर्ट की जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को मिलने के बाद टीम ने तत्काल क्षेत्र में निगरानी और बचाव संबंधी गतिविधियां शुरू कर दीं।

परिवार के सदस्यों के लिए गए सैंपल

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित बच्चे के घर पहुंची। परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ एहतियात के तौर पर उनके सैंपल भी लिए गए हैं। विभाग की टीम में लैब टेक्नीशियन अखिल वर्मा, सुपरवाइजर रोहित साहू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

वार्ड में घर-घर पहुंच रही टीम

संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए वार्ड नंबर 9 और आसपास के इलाकों में घर-घर सर्वे किया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मी लोगों से बुखार, सर्दी-खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों की जानकारी ले रहे हैं। संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग लोगों को H1N1 संक्रमण से बचाव के उपायों और जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक कर रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019