Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : शराब पीने से रोका तो पति हुआ आगबबूला, पत्नी पर हथौड़ा से वार कर किया घायल, गिरफ्तार

धमतरी के भैंसमुंडी गांव में शराब को लेकर हुआ विवाद, नशे में आरोपी ने पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से किए कई वार; पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा.

CG News : शराब पीने से रोका तो पति हुआ आगबबूला, पत्नी पर हथौड़ा से वार कर किया घायल, गिरफ्तार
X

CG News : धमतरी। जिले में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शराब पीने से मना करने पर नाराज पति ने लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शराब पीने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद

मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुंडी का है। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात चम्मन लाल साहू (36) शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी पत्नी किरण साहू ने उसे शराब पीने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखा लोहे का हथौड़ा उठाया और पत्नी के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की शिकायत मिलने के बाद मगरलोड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मौका नक्शा तैयार किया और परिजनों व गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा बरामद कर जब्त किया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019