CG News : बच्चों की शिकायत पर सरकारी स्कूल की प्रधानपाठिका गिरफ्तार, मारपीट और प्रताड़ना के आरोप
बालोद में बेटे-बेटी ने मां पर शारीरिक प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार के लगाए आरोप, बाल कल्याण समिति की जांच के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

CG News : बालोद। जिले में एक सरकारी स्कूल की प्रधानपाठिका को अपने ही बेटे-बेटी की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बच्चों ने अपनी मां पर शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए थे। मामले की जांच के बाद बालोद कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, शबाना बानो ग्राम परसदा स्थित शासकीय स्कूल में प्रधानपाठिका के पद पर पदस्थ हैं। उनके बेटे और बेटी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। बच्चों ने मारपीट के साथ गाली-गलौज किए जाने की भी शिकायत की।
शिकायत सामने आने के बाद मामला बाल कल्याण समिति के समक्ष रखा गया। समिति की जांच और शिकायत में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामला पुलिस तक पहुंचा। इसके बाद बालोद कोतवाली पुलिस ने प्रधानपाठिका शबाना बानो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


