CG News : करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, अगले दिन खेत में मिला शव
सरगुजा के झरगांव में दर्दनाक हादसा, रातभर घर नहीं लौटा किसान, तलाश के बाद खेत में मिला मृत अवस्था में

CG News : सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां धान की फसल की सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। किसान रातभर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अगले दिन दोपहर उसका शव खेत में मिलने से परिवार में मातम छा गया।
मृतक की पहचान 41 वर्षीय रतन पैंकरा निवासी ग्राम झरगांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, किसान खेत में मोटर पंप चलाकर सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि खेत में बिजली आपूर्ति के लिए कथित रूप से अवैध हुकिंग की गई थी। प्रारंभिक आशंका है कि इसी व्यवस्था के दौरान किसान नंगे तार के संपर्क में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
जब किसान देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद अगले दिन उसका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
इधर, बिजली विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि अवैध बिजली हुकिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।


