CG News : शराब दुकानों में गड़बड़ी पर आबकारी विभाग का एक्शन, दो उपनिरीक्षक सस्पेंड, एक पर चालान के बाद की कार्रवाई
बलौदाबाजार में ओवररेटिंग और धमतरी में नियम विरुद्ध थोक बिक्री पर कार्रवाई, भ्रष्टाचार मामले में EOW-ACB की चार्जशीट के बाद तीसरे उपनिरीक्षक पर भी गिरी गाज.

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में नियमों की अनदेखी और अनियमित बिक्री के मामलों पर आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने अलग-अलग मामलों में तीन आबकारी उपनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिनमें दो को शराब बिक्री में गड़बड़ी के चलते निलंबित किया गया है।
बलौदाबाजार में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव पर शराब दुकानों में ओवररेटिंग के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई। वहीं, धमतरी के आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य को निर्धारित नियमों के विपरीत थोक में शराब बिक्री के मामले में सस्पेंड किया गया है।
इसी बीच भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग पर भी विभागीय कार्रवाई हुई है। EOW-ACB द्वारा न्यायालय में चालान पेश किए जाने के बाद आबकारी आयुक्त ने संतोष नारंग को निलंबित कर दिया।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियम विरुद्ध बिक्री और भ्रष्टाचार जैसे मामलों को लेकर सख्ती का संदेश गया है। आबकारी अधिकारियों के मुताबिक शराब बिक्री से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


