Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : हाथियों ने मचाया तांडव, रात 3 बजे गांव में मचा हड़कंप, घर ढहाया और मवेशियों को कुचलकर मार डाला

लोरमी के ग्राम जमुनाही में हाथियों के झुंड ने मचाई तबाही, ग्रामीण ने परिवार के साथ भागकर बचाई जान, वन विभाग ने शुरू किया नुकसान का आकलन।

CG News : हाथियों ने मचाया तांडव, रात 3 बजे गांव में मचा हड़कंप, घर ढहाया और मवेशियों को कुचलकर मार डाला
X

CG News : लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी वनांचल क्षेत्र के ग्राम जमुनाही में शनिवार तड़के हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। सुबह करीब 3 बजे हाथियों के अचानक गांव में घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। झुंड ने एक ग्रामीण के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया और खूंटे से बंधे मवेशियों को कुचलकर मार डाला। हाथियों के हमले के बीच ग्रामीणों ने घर छोड़कर भागते हुए अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुनाही निवासी नीलकंठ यादव को तड़के हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने टॉर्च की रोशनी में बाहर देखा तो हाथियों का बड़ा झुंड उनके घर की ओर बढ़ रहा था। खतरे को भांपते हुए नीलकंठ ने तत्काल पत्नी और बच्चों को जगाया और परिवार के साथ घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले।

हाथियों के झुंड ने नीलकंठ यादव के मकान को तहस-नहस कर दिया। वहीं, खूंटे से बंधे मवेशी हाथियों की चपेट में आ गए और कुचलकर उनकी मौत हो गई। आसपास के अन्य ग्रामीणों के घरों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव और आसपास के वनांचल क्षेत्र में भय का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नुकसान का आकलन कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को जल्द मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019