Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : हसदेव नदी के पुल पर मिली आरक्षक की बाइक, मोबाइल और ID कार्ड बरामद, तलाश में जुटी SDRF

कोरबा के केंदई के पास पुल पर बाइक के साथ मोबाइल, पर्स और दस्तावेज मिले, सरगुजा में पदस्थ आरक्षक सुनील बेक की तलाश में जुटी पुलिस और SDRF की टीम।

CG News : हसदेव नदी के पुल पर मिली आरक्षक की बाइक, मोबाइल और ID कार्ड बरामद, तलाश में जुटी SDRF
X

CG News : कोरबा। जिले में हसदेव नदी के पुल पर एक आरक्षक की बाइक और निजी सामान मिलने से हड़कंप मच गया। बाइक के पास मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड मिलने के बाद आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया। घटना मोरगा चौकी क्षेत्र में केंदई के पास की है।

जानकारी के मुताबिक, हसदेव नदी के पुल पर बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली। आसपास तलाशी लेने पर मोबाइल फोन, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद हुए। घटनास्थल पर मिले सामान के आधार पर पुलिस ने नदी में किसी के कूदने की आशंका जताई और जांच शुरू की।

आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की तारापुर चौकी में पदस्थ बताया जा रहा है। बाइक और दस्तावेज मिलने के बाद मोरगा पुलिस ने संबंधित थाना और चौकी को इसकी सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, आरक्षक की तलाश के लिए SDRF के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है। हालांकि, हसदेव नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आने की बात सामने आई है। देर रात होने के चलते तलाशी अभियान सुबह चलाए जाने की जानकारी भी सामने आई।

फिलहाल, आरक्षक नदी में कूदे या नहीं और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरक्षक की तलाश जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019