Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : तेज बहाव में नदी के बीच फंसी कार, पेड़ के सहारे लटके पांच दोस्त, पुलिस ने जान पर खेलकर किया रेस्क्यू

दनिया पुल पर बाढ़ के पानी में बह गई कार, थाना प्रभारी ने उफनती नदी में उतरकर रायपुर-भिलाई के पांच युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला

CG News : तेज बहाव में नदी के बीच फंसी कार, पेड़ के सहारे लटके पांच दोस्त, पुलिस ने जान पर खेलकर किया रेस्क्यू
X

CG News : खैरागढ़। दनिया पुल पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कान्हा-किसली घूमने निकले पांच दोस्तों की कार पुल पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आ गई और बहते हुए नदी की मझधार में जा फंसी। अचानक आई इस मुसीबत के बीच पांचों लोगों ने पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पहुंची। पुल पर बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुलिस ने पहले ही स्टॉपर लगाए थे। पुलिस के अनुसार, कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद जवानों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार आगे बढ़ गई और तेज बहाव में फंस गई।

कुछ ही देर में पानी के दबाव से कार सड़क से बहकर नदी के बीच पहुंच गई। कार में सवार पांचों लोग किसी तरह बाहर निकले और एक पेड़ के सहारे लटककर मदद का इंतजार करने लगे।

सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात का अंधेरा, तेज बारिश और उफनता पानी रेस्क्यू में बड़ी चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद थाना प्रभारी खुद पानी में उतरे और पुलिस टीम के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने बताया कि दनिया पुल पर कार फंसने के बाद थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए पानी में उतरकर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कार में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे सवार थे। सभी रायपुर और भिलाई के निवासी बताए गए हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019