CG News : बाबा बच्छराज कुँवर धाम के पास नदी में मिला लापता युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

CG News : बलरामपुर। बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाबा बच्छराज कुँवर धाम के पास नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान कछिया निवासी 22 वर्षीय विमलेश वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विमलेश बाबा बच्छराज कुँवर धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे में लाए गए बकरों की बलि कराने का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार, युवक की बाइक पहले ही धाम परिसर में लावारिस हालत में मिली थी, जिससे घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही चलगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत हादसे, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


