CG News : आकाशीय बिजली के चपेट में आने से बैगा दंपती की हुई मौत
मरवाही के कटरा ढपनीपानी गांव में बारिश के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया

CG News : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में जारी बारिश के बीच गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मरवाही थाना क्षेत्र के कटरा ढपनीपानी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगल सिंह और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई बारिश के दौरान अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के बीच अचानक उनके मकान पर बिजली गिर गई। जोरदार धमाके के बाद दोनों आंगन में बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों को तत्काल 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मरवाही ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही परिवार में एक साथ दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर मरवाही थाना पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


