CG Education : 13 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति रद्द, समय पर ज्वाइन नहीं करना पड़ा भारी
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, CGPSC से चयनित अभ्यर्थियों ने तय समय सीमा में नहीं संभाला पदभार; नियुक्ति एवं पदस्थापना दोनों निरस्त

CG Education : रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के पद पर चयनित 13 अभ्यर्थियों की नियुक्ति एवं पदस्थापना निरस्त कर दी गई है। यह कार्रवाई निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित पदों पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने के कारण की गई है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग, मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, इन अभ्यर्थियों का चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद के लिए हुआ था। चयन के बाद उन्हें प्रदेश के अलग-अलग शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में पदस्थापना दी गई थी।
समय सीमा बीती, लेकिन नहीं किया कार्यभार ग्रहण
विभागीय आदेश में बताया गया है कि नियुक्ति के बाद सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर अपने-अपने पद पर कार्यभार ग्रहण करना था। हालांकि, तय समय सीमा समाप्त होने तक संबंधित अभ्यर्थियों ने ज्वाइन नहीं किया।
इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने नियुक्ति की शर्तों और निर्धारित समय सीमा के आधार पर 13 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति एवं पदस्थापना निरस्त करने का निर्णय लिया। विभागीय आदेश के बाद अब इन पदों पर नियुक्ति से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।


