CG Cyber Crime : शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर डॉक्टर से 34 लाख की ठगी, इंदौर से 3 युवतियों समेत 5 गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में कॉल सेंटर, म्यूल बैंक खातों और 150 तक सिम कार्ड के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।

CG Cyber Crime : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इंदौर से संचालित साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन युवतियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर रायगढ़ के एक डॉक्टर से 34 लाख 17 हजार रुपये से अधिक की ठगी की गई।
कॉल सेंटर और बैंक खातों के जरिए ठगी का आरोप
पुलिस जांच में इंदौर के एक कॉल सेंटर से जुड़े नेटवर्क, म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए ठगी की रकम के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी के लिए करीब 140 से 150 सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात भी जांच में सामने आई है।
तीन युवतियों समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने ज्योति मालवीय, तनिषा पाटिल, तरुण नागर, गायत्री विश्वकर्मा और सूरज शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर थाना रायगढ़ में दर्ज दो मामलों का खुलासा हुआ है।
दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। साथ ही, ठगी की रकम के लेनदेन और दूसरे राज्यों में सक्रिय संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
रायगढ़ पुलिस ने लोगों को शेयर ट्रेडिंग में असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का वादा करने वाली योजनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस ने यह भी अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अपना बैंक खाता या सिम कार्ड दूसरों को इस्तेमाल करने के लिए न दे, क्योंकि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा सकता है।


