Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : दशहरा मैदान में डांस को लेकर विवाद, युवक की चाकू से गोदकर हत्या, तीन गिरफ्तार

कोरबा के मुड़ापार दशहरा मैदान में साउंड बॉक्स पर डांस को लेकर हुआ विवाद, 22 वर्षीय राहुल कुमार की हत्या, वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त, चौथा आरोपी फरार

CG Crime : दशहरा मैदान में डांस को लेकर विवाद, युवक की चाकू से गोदकर हत्या, तीन गिरफ्तार
X

CG Crime : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुड़ापार दशहरा मैदान में साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की हत्या तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक को पीछे की गली में ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राहुल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान की है। रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार का बिट्टू चौहान से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देकर थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे विजय चौहान को भी राहुल ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी राहुल को पीछे की गली में ले गए। वहां उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। राहुल पर छह से सात वार किए जाने की जानकारी सामने आई है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, युवक की हत्या के मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त किया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का अर्धमुंडन कर जुलूस निकाला।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019