Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : हथौड़ी-छीनी लेकर ATM तोड़ने पहुंचा चोर, कैश निकालने से पहले पुलिस ने दबोचा

डोंगरगढ़ बस स्टैंड स्थित SBI ATM में CCTV तोड़कर मशीन को निशाना बनाया, स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

CG Crime : हथौड़ी-छीनी लेकर ATM तोड़ने पहुंचा चोर, कैश निकालने से पहले पुलिस ने दबोचा
X

CG Crime : डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में ATM चोरी की बड़ी कोशिश को पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। बस स्टैंड स्थित SBI ATM बूथ में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक युवक हथौड़ी और छीनी लेकर घुसा और मशीन को तोड़ने की कोशिश करने लगा। हालांकि, रकम निकाल पाता उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में पहुंचा था। उसने सबसे पहले CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद हथौड़ी और छीनी से ATM के बाहरी हिस्से और कवर को तोड़ने लगा। लगातार वार से मशीन का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर बूथ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के मुताबिक, पुलिस को ATM के पास संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उसके पास से हथौड़ी और छीनी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान सेवाराम वर्मा, निवासी अंडी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था, जिसके चलते शुरुआती पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेले ATM तोड़ने पहुंचा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।

गनीमत रही कि आरोपी ATM से कैश निकाल पाता, उससे पहले ही पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के पिछले रिकॉर्ड व संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019