CG Crime : तरेगांव बंजारी घाट डकैती कांड का खुलासा, 11.9 किलो चांदी के जेवर बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर और 24 गांवों के 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद आरोपियों को पकड़ा, दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी।

CG Crime : कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में तरेगांव बंजारी घाट डकैती कांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 11 किलो 900 ग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को वेदप्रकाश सोनी के साथ मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास डकैती की वारदात हुई थी। आरोपियों ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और कीमती जेवरात लूटकर मौके से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा 24 गांवों में 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी। इसके बाद आपसी समन्वय से डकैती को अंजाम दिया। लूटे गए चांदी के जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जेवरात समेत अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, इस वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।


