Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : अंधविश्वास में खूनी खेल, जादू-टोने के शक में बैगा की बेरहमी से हत्या, 2 नाबालिग समेत 5 पकड़े गए

कवर्धा के कांदावानी गांव में दशगात्र कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद, लाठी-पत्थरों से हमला कर उतारा मौत के घाट; पुलिस ने आरोपियों से हथियार बरामद किए

CG Crime : अंधविश्वास में खूनी खेल, जादू-टोने के शक में बैगा की बेरहमी से हत्या, 2 नाबालिग समेत 5 पकड़े गए
X

CG Crime : कवर्धा। जिले में जादू-टोने के शक ने एक ग्रामीण की जान ले ली। कुकदूर थाना क्षेत्र के कांदावानी गांव में रामसिंह बैगा की लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटकर हत्या किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को चैतराम बैगा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान रामसिंह बैगा पर जादू-टोना करने का संदेह जताते हुए कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी उसे गांव से कुछ दूर बरसाती नाले की ओर ले गए।

आरोप है कि वहां रामसिंह के साथ लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की गई। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महर सिंह बैगा, धनसू बैगा और जोगी बैगा को गिरफ्तार किया। वहीं, वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लकड़ी की लाठियां, पत्थर और अन्य सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019