Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिटायर्ड शिक्षक से 5.90 लाख की ठगी, 2 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

फेसबुक पर पेंशन कार्ड का झांसा देकर लगाई चपत, कोलकाता से गिरफ्तार आरोपियों के पास से 82 ATM कार्ड बरामद

CG Crime : पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिटायर्ड शिक्षक से 5.90 लाख की ठगी, 2 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
X

CG Crime : जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 5.90 लाख रुपये ठग लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी झारखंड के जामताड़ा के निवासी बताए गए हैं।

फेसबुक के जरिए बुना ठगी का जाल

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर रिटायर्ड शिक्षक को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से उनसे 5 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत परपा थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद बस्तर पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू की।

बैंक खाते से लेकर ATM निकासी तक की जांच

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर के अनुसार, शुरुआती जांच में ठगी की रकम हरियाणा के एक बैंक खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने पैसों के लेन-देन और एटीएम से निकासी के सुराग खंगाले। जांच के लिए विशेष टीम कोलकाता भेजी गई, जहां पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 200 से अधिक होटलों में जाकर संदिग्धों की तलाश की।

82 ATM कार्ड, मोबाइल और नकदी बरामद

पुलिस ने इस मामले में शाहबाज अंसारी और जियाउल हक को गिरफ्तार किया है। दोनों झारखंड के जामताड़ा के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से 82 एटीएम कार्ड, छह मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ठगी की रकम से ऑनलाइन खरीदे गए सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी से जुड़े संभावित मामलों की पड़ताल कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019