CG Crime : पिकअप के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 50 लाख का गांजा, तस्कर गिरफ्तार
उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा था 109.235 किलो गांजा, बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने गुप्त चेंबर से 100 पैकेट बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया

CG Crime : बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन में बनाए गए गुप्त चेंबर से 109.235 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी गांजा उड़ीसा से बिहार ले जाने की फिराक में था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, उड़ीसा से बिहार की ओर बलरामपुर के रास्ते गांजा परिवहन किए जाने की सूचना लगातार मिल रही थी। इसी बीच तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर कोतवाली पुलिस को एक संदिग्ध पिकअप वाहन के बारे में सूचना मिली।
24 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि को सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित मार्ग पर मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आती सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक JH10AQ5144 को रोककर तलाशी ली गई।
डाला के नीचे बना था गुप्त चेंबर
तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप के डाला के नीचे एक बॉक्सनुमा गुप्त चेंबर होने का संदेह हुआ। डाला को ऊपर से उठाकर अलग करने पर चेंबर के अंदर 100 पैकेट गांजा छिपाकर रखा मिला।
मौके पर वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 109.235 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया।
बिहार के बक्सर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने वाहन चालक योगीराज पिता ऐशन शाह (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के ग्राम कतिकनार का रहने वाला बताया गया है।
कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा दी है।


