CG Crime : डॉक्टर के घर से 1 करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार; मुख्य आरोपी फरार
भिलाई के वैशाली नगर में डॉक्टर के सूने मकान से नकदी और सोने-चांदी व डायमंड के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 47.64 लाख रुपये नकद, आभूषण और चोरी की रकम से खरीदी गई कार सहित करीब 1 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है। मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है।

CG Crime : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। भिलाई के वैशाली नगर क्षेत्र में एक डॉक्टर के सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और कीमती आभूषण चोरी किए गए थे। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक आरोपियों का पीछा किया और नौ लोगों को गिरफ्तार किया। चोरी का माल छिपाने, खरीदने और फरार आरोपी को मदद पहुंचाने वाले सहयोगियों पर भी कार्रवाई की गई है।
एक सप्ताह बंद रहा डॉक्टर का मकान, लौटने पर सामने आई चोरी
पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर 2026 को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को वापस लौटने पर उन्हें घर की अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी व डायमंड के कीमती आभूषण गायब मिले। शिकायत के आधार पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से राहुल बंसोड़ तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक भिलाईनगर के नेतृत्व में थाना वैशाली नगर और ACCU की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान राहुल बंसोड़ का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, घटना के आसपास राहुल अपने साथियों के साथ इलाके में संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया था। वारदात के बाद से उसके फरार होने की जानकारी भी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश में गोंदिया और नागपुर में दबिश दी।
गोंदिया से मिर्जापुर और भदोही तक चला पीछा
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और भदोही क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची तो आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रयागराज और मिर्जापुर के बीच गंगा नदी पार कर नाव के जरिए आवाजाही कर रहा था, ताकि गिरफ्तारी से बच सके। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर नकदी और सोने के आभूषण घर के कमरे के फर्श के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाए गए स्थान से बरामद किए गए।
चोरी के सोने को भट्टी में गलाकर बदला स्वरूप
पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि उसने अपने हिस्से के सोने के आभूषण भदोही स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को कम कीमत पर बेचे थे। पुलिस के अनुसार, ज्वेलर्स ने चोरी के आभूषण खरीदने की बात स्वीकार की और कुछ आभूषणों को घर में रखी भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। इस मामले में प्रदीप के रिश्तेदार सुजीत सिंह उर्फ बाबू की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी के आभूषणों की बिक्री कराने और माल खपाने में मदद की तथा इसके बदले लाखों रुपये प्राप्त किए।
चोरी की रकम से खरीदी कार और बाइक
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की रकम का इस्तेमाल निजी खर्चों और संपत्ति खरीदने में किया। प्रदीप ने अपने घर में बोरिंग, मरम्मत और मोटर पंप लगवाने के साथ सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदी। वहीं, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ भिलाई से फरार होकर गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर और प्रयागराज होते हुए दिल्ली पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, उसने वहां चोरी की रकम से सेकंड हैंड XUV कार खरीदी और बाद में उसी वाहन से भिलाई लौटा।
रात 3 बजे घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल चोरी की नकदी और आभूषण अपने माता-पिता और भाई के पास छिपाकर रखे हुए है। वह चोरी का माल लेने के लिए भिलाई आया था। पुलिस की निगरानी का पता चलने पर वह अपनी XUV कार सुपेला चौक के आसपास छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने भाई आयुष बंसोड़ और परिचितों से इनोवा वाहन की व्यवस्था कर चोरी का माल दूसरे स्थान पर पहुंचाने को कहा। पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी की और तड़के करीब 3 बजे इनोवा सहित अलग-अलग वाहनों में जा रहे आरोपियों को रोक लिया। उनके कब्जे से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
इन 9 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
1. प्रदीप कुमार चौधरी – भदोही, उत्तर प्रदेश
2. सुजीत सिंह – मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश
3. सोनू जायसवाल – भदोही, उत्तर प्रदेश (ज्वेलर्स)
4. रविन्द्र बंसोड़ – भिलाई
5. किरण बंसोड़ – भिलाई
6. आयुष बंसोड़ – भिलाई
7. रेखचंद्र देवांगन – भिलाई
8. आकाश कुमार श्रीपाद – भिलाई (इनोवा वाहन मालिक)
9. अमन सिंह – भिलाई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में चोरी का माल छिपाने, खरीदने, परिवहन करने और मुख्य आरोपी को फरार रहने में मदद करने वाले लोग भी शामिल हैं।
47.64 लाख नकद सहित करीब एक करोड़ की संपत्ति बरामद
दुर्ग पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें शामिल हैं:
- 47 लाख 64 हजार रुपये नकद
- सोने के कंगन, चेन, लॉकेट और अन्य आभूषण
- चांदी के आभूषण और चांदी के बिस्किट
- चोरी की रकम से खरीदी गई XUV कार
- नई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
- घटना से जुड़े परिवहन में इस्तेमाल इनोवा वाहन
- सोना-चांदी तौलने वाले दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू
- DVR, लैपटॉप, टैबलेट और Paytm मशीन
- पावर बैंक और सात मोबाइल फोन
मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश जारी
इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार तलाश कर रही है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद संपत्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


