CG Crime : नई रेल लाइन की 6.5 टन पटरी चोरी, किराए के मकान से 36 नग ट्रैक बरामद
जटगा के बरबसपुर में पुलिस की रेड, गैस कटर-सिलेंडर और वाहन जब्त; कार्रवाई से पहले आरोपी फरार

CG Crime : कटघोरा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर की नई रेल लाइन बिछाने के काम के बीच रेलवे ट्रैक चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव में पुलिस ने एक किराए के मकान पर दबिश देकर करीब 6,480 किलो यानी 6.5 टन रेलवे पटरी बरामद की है। बरामद माल में रेलवे ट्रैक के 36 नग शामिल हैं।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मकान किराए पर लेने वाला संदिग्ध राजू कुमार मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह नई रेल लाइन के निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी से जुड़ा हुआ था।
गैस कटर और सिलेंडर भी बरामद
पुलिस ने मौके से रेलवे पटरी के अलावा 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है। बरामद सामान से आशंका है कि रेलवे पटरी को काटकर अलग-अलग हिस्सों में ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
चोरी के नेटवर्क की तलाश में पुलिस
जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के मुताबिक, रेलवे का माल बरामद होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे विभाग और नई रेल लाइन का काम कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है, ताकि बरामद पटरी की पहचान और उसके स्रोत की पुष्टि की जा सके।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि बरबसपुर के किराए के मकान से 36 नग रेलवे पटरी बरामद हुई है। आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे ट्रैक आखिर कहां से चोरी किया गया और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।


