Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : तीन थप्पड़ों का बदला लेने पहुंचा नाबालिग, रेलवे सुपरवाइजर की हथौड़े से हत्या, आरोपी हिरासत में

बारिश का पानी छिटकने पर सुपरवाइजर ने मारे थे थप्पड़, अपमान का बदला लेने नाबालिग ने रात में साइट में घुसकर वारदात को दिया अंजाम.

CG Crime : तीन थप्पड़ों का बदला लेने पहुंचा नाबालिग, रेलवे सुपरवाइजर की हथौड़े से हत्या, आरोपी हिरासत में
X

CG Crime : बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र की RPF कॉलोनी में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की हत्या के मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, बारिश का पानी साइकिल से छिटकने पर सुपरवाइजर द्वारा थप्पड़ मारे जाने से नाराज नाबालिग ने बदला लेने की ठानी और रात में कंस्ट्रक्शन साइट में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

पानी टंकी के पास मिला था शव

घटना गुरुवार की है। RPF कॉलोनी स्थित कंस्ट्रक्शन साइट में पानी की टंकी के पास सुपरवाइजर नरेश गुप्ता (35) का खून से सना शव मिला था। नरेश बिहार के आरा का रहने वाला था और रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह की साइट पर सुपरवाइजर के रूप में काम करता था।

सुबह करीब 10 बजे कर्मचारी साइट पर पहुंचे। उन्होंने नरेश को आवाज लगाई और फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अंदर जाकर देखा तो नरेश का शव जमीन पर पड़ा था। सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। FSL टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

CCTV से पुलिस को मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज मिली। फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने एक संदिग्ध दिखाई दिया। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में 16 वर्षीय नाबालिग ने पुलिस को हत्या की वजह बताई।

बारिश के पानी को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने बताया कि मंगलवार रात वह साइकिल से घर जा रहा था। उस समय तेज बारिश हो रही थी। रास्ते में साइकिल से बारिश का पानी नरेश पर छिटक गया। इस बात से नाराज होकर नरेश ने उसे रास्ते में रोक लिया और तीन थप्पड़ मारे। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि इस घटना से उसे अपमानित महसूस हुआ और उसने नरेश से बदला लेने का फैसला किया।

रात में साइट में घुसकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, नाबालिग बुधवार रात करीब 11:30 बजे कंस्ट्रक्शन साइट के पीछे से अंदर दाखिल हुआ। वह अपने साथ हथौड़ा और अन्य भारी सामान लेकर पहुंचा था। इसके बाद उसने नरेश के कमरे के पास जाकर उसके सोने का इंतजार किया और हथौड़े से उसके सिर पर कई वार किए। हमले में गंभीर चोट लगने से नरेश की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया। पुलिस ने CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर नाबालिग को हिरासत में लिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019