Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : शराब दुकान के कर्मचारी बने कोचिए, शिक्षक-संकुल समन्वयक समेत 7 गिरफ्तार, कार और 160 पाव शराब जब्त

आरंग पुलिस ने रानीसागर में घेराबंदी कर पकड़ा तस्करी का नेटवर्क, 8 लाख की कार समेत 8.16 लाख का माल जब्त

CG Crime : शराब दुकान के कर्मचारी बने कोचिए, शिक्षक-संकुल समन्वयक समेत 7 गिरफ्तार, कार और 160 पाव शराब जब्त
X

CG Crime : रायपुर। जिले के आरंग में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मामले में सरकारी शराब दुकान के सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टी-वर्कर के साथ एक शासकीय शिक्षक एवं संकुल समन्वयक समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 पाव देशी मसाला शराब और तस्करी में इस्तेमाल लग्जरी कार बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुल्लू स्थित शराब दुकान से एक सफेद रंग की आर्टिका कार में अवैध शराब भरकर रानीसागर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर CG 04 QB 5200 नंबर की कार को रोका।

तलाशी के दौरान कार से 160 पाव देशी मसाला शराब, जिसकी मात्रा 28.800 बल्क लीटर और कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई, बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने करीब 8 लाख रुपये की कार भी जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 8.16 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में शासकीय शिक्षक एवं संकुल समन्वयक तिरीत राम बांधे, शराब दुकान सुपरवाइजर उबारन दास पुरेना, सेल्समैन राजेश काटले, मल्टी-वर्कर सुरेश बांधे, वाहन चालक भरत रात्रे, दिलीप कुमार कुर्रे और भागवत बारले शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सरकारी शराब दुकान के कर्मचारियों की भूमिका सामने आई है। मामले में सभी सात आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019