CG Crime : जादू-टोने के शक में बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट, बोलेरो से कुचलकर दी वारदात को अंजाम, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर के बगीचा थाना क्षेत्र की घटना, वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश; बोलेरो जब्त, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

CG Crime : जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जामपानी सरबकोंबो गांव में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते बुजुर्ग को बोलेरो वाहन से कुचलकर मौत के घाट उतारा गया और वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाए जाने को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हत्या में इस्तेमाल की गई बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं मामले में पिता, चाचा, एक बैगा समेत अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस हत्या की साजिश, वारदात में शामिल आरोपियों और घटना के पीछे की पूरी वजह को लेकर साक्ष्य जुटा रही है।


