Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : अस्पताल में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ नशा तस्करी का आरोपी, दो जवानों की निगरानी के बावजूद भाग निकला

महासमुंद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान फरार हुआ 20 वर्षीय आरोपी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस; लापरवाही सामने आने पर संबंधित जवानों पर कार्रवाई की तैयारी।

CG Crime : अस्पताल में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ नशा तस्करी का आरोपी, दो जवानों की निगरानी के बावजूद भाग निकला
X

CG Crime : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। नशीली टैबलेट तस्करी के आरोप में गिरफ्तार 20 वर्षीय युवक इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। आरोपी की निगरानी के लिए दो पुलिस जवान तैनात थे, लेकिन गुरुवार सुबह वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर निकल गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती

जानकारी के मुताबिक, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद उसे पहले सरायपाली में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सुबह के वक्त मौका पाकर हुआ फरार

अस्पताल में आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी पुलिस जवान खोमनलाल साहू और रामचरण यादव को दी गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर से संबंधित काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

बताया गया है कि आरोपी के पैर में रॉड लगी हुई थी। इसके बावजूद वह पुलिस की निगरानी से कैसे बच निकला, यह जांच का विषय है। फरारी के समय सुरक्षा के इंतजाम और आरोपी को हथकड़ी लगाए जाने जैसे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

CCTV फुटेज से तलाश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने का रास्ता और घटनाक्रम स्पष्ट हो सके। पुलिस आसपास के संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश कर रही है। मामले में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।

एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी सुबह अस्पताल से फरार हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019