CG Crime : एक मां और उसकी सिर्फ 10 महीने की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या, 5 दिन में दूसरा डबल मर्डर से फैली सनसनी

CG Crime : रायगढ़। जिले में दिल दहला देने वाली दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में 40 वर्षीय बरत कुमारी (बरत नाग) और उनकी 10 माह की बेटी परी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव खेत में बने बोर हाउस में खून से लथपथ मिले, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावर ने किसी भारी वस्तु या ईंट जैसे हथियार से मां और मासूम बच्ची के सिर व चेहरे पर कई वार किए। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों को गंभीर हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी। बरत कुमारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई, जबकि बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, बरत कुमारी के पति का करीब चार-पांच वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी थीं। पिछले कुछ समय से वह अपनी बेटी के साथ गांव के एक व्यक्ति के खेत में बने बोर हाउस में रह रही थीं। घटना से एक दिन पहले उन्हें सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते देखा गया था।
सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।
इस वारदात ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। उल्लेखनीय है कि पांच दिनों के भीतर रायगढ़ जिले में यह दूसरा डबल मर्डर है। इससे पहले धरमजयगढ़ क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शव जलाने का मामला सामने आया था।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


