Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : ‘बाघा’ ने खोला महिला हत्याकांड का राज, 500 मीटर तक पीछा कर आरोपी के घर पहुंची पुलिस

पसान के लोकहड़ा में खेत के पास मिली महिला की लाश का खुलासा, डॉग स्क्वॉड के ‘बाघा’ ने आरोपी तक पहुंचाया सुराग, पड़ोसी गिरफ्तार

CG Crime : ‘बाघा’ ने खोला महिला हत्याकांड का राज, 500 मीटर तक पीछा कर आरोपी के घर पहुंची पुलिस
X

CG Crime : कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में खेत के पास महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 24 वर्षीय सुखमनिया एक्का की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या की गई थी। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड के ‘बाघा’ ने अहम सुराग देते हुए पुलिस को करीब 500 मीटर दूर आरोपी के घर तक पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से सुराग लेने के बाद बाघा ऊबड़-खाबड़ रास्तों से दौड़ते हुए एक घर में पहुंचा। वहां रहने वाले सहस राम मिंज (38) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

जांच में सामने आया कि मृतका आरोपी की पत्नी की सहेली थी और दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर थे। आरोपी को इस बात से नाराजगी थी कि सुखमनिया उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाती थी। 22 सितंबर की शाम तीनों को नशे में देखकर आरोपी ने गुस्से में सुखमनिया को घर से जाने के लिए कहा।



पुलिस के अनुसार, जब सुखमनिया अपने चाचा के घर जा रही थी, तब आरोपी ने उसका पीछा किया और मुडहीकुवां खेत के पास सुनसान स्थान पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने रक्तरंजित पत्थर भी बरामद किया।

फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की मदद से हुई जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की कार्रवाई एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में की गई।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019