Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Crime : 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार, 46 लाख के जेवर पहले हो चुके हैं बरामद

सीतापुर में ज्वेलर्स का बैग लेकर फरार हुए थे आरोपी, 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची गंजाम; गिरफ्तार आरोपी से ₹10 हजार नकद जब्त।

CG Crime : 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार, 46 लाख के जेवर पहले हो चुके हैं बरामद
X

CG Crime : अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में करीब 1 करोड़ रुपये की ज्वेलरी उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को ओडिशा के गंजाम जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दास नागेश्वर (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

दुकान खोलते समय बैग लेकर फरार हुए थे आरोपी

मामला 26 जुलाई 2026 का है। सीतापुर में कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी स्कूटी में ज्वेलरी से भरा बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान का शटर खोलने के दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई थी। शिकायत पर सीतापुर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट के करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्धों के भागने की जानकारी मिली। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की गतिविधियों को सरगुजा, जशपुर, झारखंड के सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ समेत कई इलाकों तक ट्रैक किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान ओडिशा के गंजाम निवासी चंटी दास और दास नागेश्वर के रूप में हुई।

घर से 46 लाख के जेवर बरामद

पुलिस टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक आरोपियों के संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान चंटी दास के घर की तलाशी में सीतापुर से चोरी किए गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत लगभग 43 लाख रुपये, और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत करीब 3 लाख रुपये बरामद किए गए। इस तरह करीब 46 लाख रुपये के जेवर पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।

संगठित गिरोह बनाकर वारदात का आरोप

गंजाम से गिरफ्तार दास नागेश्वर से पूछताछ में पुलिस के अनुसार, उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके बाद मामले में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019