Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : एसपी कार्यालय में पदस्थ आरक्षक का पेड़ पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में तैनात थे नरहरि पटेल, पत्थलगांव में शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप

CG News : एसपी कार्यालय में पदस्थ आरक्षक का पेड़ पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
X

CG News : कोरबा/जशपुर। जिले के पुलिस विभाग में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसपी कार्यालय में पदस्थ एक आरक्षक का शव जशपुर जिले के पत्थलगांव में पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरहरि पटेल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने कोरबा पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे।

पेड़ पर लटका मिला आरक्षक का शव

जानकारी के मुताबिक, नरहरि पटेल का शव पत्थलगांव में एक पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में थे पदस्थ

बताया जा रहा है कि नरहरि पटेल वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वे कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में कार्यरत थे। उनकी तैनाती सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में भी बताई गई है, जहां वे 27 सितंबर 2023 से पदस्थ थे। मृतक मानिकपुर की दादर बस्ती में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।

पुलिस जांच में जुटी, मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं

घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नरहरि पटेल कोरबा से पत्थलगांव कब और किस वजह से पहुंचे थे।

परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल आरक्षक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019