Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Accident : तेज रफ्तार महिंद्रा ने तीन लोगों को कुचला, विधायक के भाई समेत 3 की मौत, ओडिशा बॉर्डर से 4 आरोपी गिरफ्तार

दशरंगपुर में सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को महिंद्रा वाहन ने मारी थी टक्कर, हादसे के बाद फरार आरोपियों को पुलिस ने रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर से पकड़ा, वाहन जब्त

CG Accident : तेज रफ्तार महिंद्रा ने तीन लोगों को कुचला, विधायक के भाई समेत 3 की मौत, ओडिशा बॉर्डर से 4 आरोपी गिरफ्तार
X

CG Accident : मुंगेली। जिले के ग्राम दशरंगपुर में तीन लोगों की जान लेने वाले सड़क हादसे में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतकों में विधायक मोहले के भाई अधीनदास मोहले भी शामिल हैं। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनका पीछा किया और रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर के पास घटना में इस्तेमाल महिंद्रा वीरों वाहन समेत चारों को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6 से 6:15 बजे के बीच हुई। दशरंगपुर के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को सफेद रंग की महिंद्रा वीरों गाड़ी (WB 25 Z 5623) ने टक्कर मार दी। हादसे में अधीनदास मोहले (65), बल्लू बघेल (56), दोनों निवासी दशरंगपुर, और गंगाराम टंडन निवासी भाठापारा (रेहुंटा), जिला मुंगेली की मौत हो गई।

जांच में पुलिस को पता चला कि वाहन चालक विपरीत दिशा में तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहा था। पुलिस के अनुसार, वाहन में मौजूद अन्य लोगों ने भी चालक को तेज गति से वाहन चलाने के लिए कहा था। घटना के बाद चालक और उसके साथी वाहन लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि हादसे के बाद आरोपियों ने वाहन पर लगे खून के निशान साफ किए और पहचान छिपाने के लिए उसका बोनट तोड़कर फेंक दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस तथा मुंगेली साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा किया।

बकरी खरीदने मुंगेली आ रहे थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे 14 अक्टूबर को बकरी खरीदने के लिए मुंगेली आ रहे थे। 15 अक्टूबर की सुबह दशरंगपुर पहुंचने के दौरान नबजीत दास वाहन चला रहा था। उसके साथ अनंता विश्वास, कानु विश्वास और सौरव मल्लिक भी मौजूद थे। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायगढ़ से ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम की मदद से ओडिशा बॉर्डर के पास वाहन को रोककर चारों को हिरासत में लिया गया।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं चारों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नबजीत दास (24), अनंता विश्वास (31), कानु विश्वास (57) और सौरव मल्लिक (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नबजीत दास वाहन चालक था। पहले तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के अशोकनगर थाना क्षेत्र के कंकपुल कलंगढ़ के निवासी हैं, जबकि सौरव मल्लिक तरुण पल्ली, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त महिंद्रा वीरों वाहन जब्त कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिटाने और आरोपियों की साझा भूमिका से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। चारों आरोपियों को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के बाद 17 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019