CG Accident News : चलती एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने की कोशिश पड़ी भारी, ट्रैक पर गिरने से बीमा कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक की मौत

CG Accident News : दुर्ग। भिलाई रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुई। प्लेटफॉर्म बदलकर रवाना हो रही एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान संतुलन बिगड़ने से युवक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गया। हादसे में उसका पैर ट्रेन की चपेट में आ गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
जीआरपी के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप कुमार सिन्हा, निवासी साईं नगर उरला (रायपुर) के रूप में हुई है। वह ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और रोजाना रेलवे के मासिक पास से रायपुर-दुर्ग के बीच सफर करते थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:45 बजे संदीप कुमार सिन्हा दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन में थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पुणे-हटिया एक्सप्रेस पहुंची। एक्सप्रेस ट्रेन के रवाना होने पर उन्होंने लोकल ट्रेन छोड़कर एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसल गया और ट्रेन के हैंडल पर पकड़ कमजोर पड़ने से उनका संतुलन बिगड़ गया। वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर जा गिरे, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर गंभीर रूप से कट गया।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल ट्रैक से निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


