CG Accident : कार और बुलेट की आमने-सामने भिड़ंत, सहायक सचिव की मौके पर मौत, साथी घायल
दंतेवाड़ा-बैलाडीला मार्ग के कुम्हाररास में हुआ हादसा, मृतक के शव को अस्पताल भेजा गया, घायल सहायक सचिव का उपचार जारी; पुलिस ने शुरू की जांच

CG Accident : दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा-बैलाडीला मार्ग पर सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक सहायक सचिव की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। कुम्हाररास के पास तेज रफ्तार वेन्यू कार और बुलेट के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, वेन्यू कार बैलाडीला की ओर से दंतेवाड़ा आ रही थी। इसी दौरान दंतेवाड़ा से बैलाडीला की तरफ जा रही बुलेट से कुम्हाररास के पास उसकी टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बुलेट सवार धनीकारक निवासी सहायक सचिव रमेश मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई।
बुलेट पर सवार दूसरे सहायक सचिव वीरेन सेठिया गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था बहाल कराई। मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


