Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

बागबाहरा में वन अमले पर हमला, रेंजर-डिप्टी रेंजर को बंधक बनाकर मारपीट; पर्स-मोबाइल भी छीना

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग के अमले के साथ मारपीट और बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

बागबाहरा में वन अमले पर हमला, रेंजर-डिप्टी रेंजर को बंधक बनाकर मारपीट; पर्स-मोबाइल भी छीना
X

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग के अमले के साथ मारपीट और बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तमोरा क्षेत्र में गश्त के लिए पहुंचे वन अधिकारियों को कुछ लोगों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट करने के बाद करीब पांच घंटे तक एक मकान में बंधक बनाकर रखा।

गश्त के दौरान वन अधिकारियों को घेरा

जानकारी के मुताबिक, वनपरिक्षेत्राधिकारी नवीन वर्मा के नेतृत्व में वन अमला रात में तमोरा क्षेत्र में गश्त पर निकला था। इसी दौरान कुछ लोगों ने वन टीम को घेर लिया। आरोप है कि रेंजर नवीन वर्मा और उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा के साथ मारपीट की गई और दोनों अधिकारियों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया गया।

करीब पांच घंटे तक बंधक रखने का आरोप

आरोप है कि दोनों अधिकारियों को करीब पांच घंटे तक एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान रेंजर नवीन वर्मा का पर्स और उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा का मोबाइल भी छीन लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मेडिकल के बाद शुरू हुई कार्रवाई

घटना के बाद रेंजर और उपवनक्षेत्रपाल का मेडिकल कराया गया है। वन विभाग की ओर से मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और मारपीट व बंधक बनाए जाने के आरोपों को लेकर संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

अतिक्रमण को लेकर पहले भी सामने आ चुके हैं मामले

वन विभाग के मुताबिक, तमोरा क्षेत्र में अतिक्रमण और शासकीय कार्य में बाधा डालने से जुड़े मामले पहले भी दर्ज हो चुके हैं। इसी क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान वन अधिकारियों के साथ हुई इस घटना ने वन अमले की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019