Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Chhattisgarh Weather Update: ओडिशा में भारी बारिश से कई पुल बहे, बस्तर में स्कूलों में छुट्टी, जगदलपुर से हैदराबाद फ्लाइट कैंसिल, जानें मौसम का हाल

Chhattisgarh Weather Update: चक्रवात अर्नब के असर से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश, छत्तीसगढ़ के बस्तर में स्कूल बंद और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द। जानें मौसम का ताजा हाल।

Chhattisgarh Weather Update: ओडिशा में भारी बारिश से कई पुल बहे, बस्तर में स्कूलों में छुट्टी, जगदलपुर से हैदराबाद फ्लाइट कैंसिल, जानें मौसम का हाल
X

श्रीकाकुलम/रायपुर/जगदलपुर। बंगाल की खाड़ी से बना अर्नब चक्रवात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से देर रात 11 से 1 बजे के बीच टकरा गया। इसके असर से दोनों राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है।

ओडिशा में करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। दक्षिणी जिलों में 4 से ज्यादा पुल और सड़कें बह गईं। छत्तीसगढ़ के बस्तर ​संभाग में भारी बारिश के वजह से स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 75 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चलीं। विजयवाड़ा में सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है।

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चलते छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

जगदलपुर - हैदराबाद फ्लाइट कैंसिल

वहीं, खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट आज रद्द कर दी गई है। फ्लाइट शेड्यूल के मुताबिक, यह उड़ान 24 सितंबर को जगदलपुर से हैदराबाद के लिए निर्धारित थी। यात्रियों को एयरलाइन से अपनी फ्लाइट की स्थिति और आगे की यात्रा के संबंध में जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

खराब मौसम की वजह से लो विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट को लैंड और टेकऑफ करने में दिक्कत हो रही है। इसलिए आज फ्लाइट रद्द कर दिया गया है।

अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश

दरअसल, पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 24 सितंबर की सुबह विशाखापट्टनम और पुरी के बीच तट पार करने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा रहने का अनुमान है। बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला

लगातार बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 24 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019