Arnab Cyclone Alert : चक्रवात ‘अर्नब’ के खतरे के बीच छत्तीसगढ़ अलर्ट, दंतेवाड़ा के स्कूलों में 27 अक्टूबर को छुट्टी
27 से 29 अक्टूबर तक सभी जिलों में सतर्कता के निर्देश, दक्षिण बस्तर के जिलों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया

Arnab Cyclone Alert : रायपुर। बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 27 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की अनुमति से इस संबंध में आदेश जारी किया है।
विद्यार्थियों के लिए छुट्टी, शिक्षकों को आना होगा स्कूल
जारी आदेश के अनुसार, चक्रवात और अत्यधिक बारिश की आशंका के चलते विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए लागू होगा, जबकि शिक्षकों को नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
27 से 29 अक्टूबर तक प्रशासन अलर्ट
संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।


