Chaitra Navratri
Chaitra Navratri : बिलासपुर। शक्ति आराधना का पर्व चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर बिलासपुर के सभी प्रमुख मंदिरों के साथ ही रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में तैयारियां अंतिम दौर पर है। इसके साथ ही चैत्र प्रतिपदा पर हिंदू नववर्ष पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इसके लिए शहर को भगुआमय बनाने की तैयारी चल रही है।
चैत्र नवरात्र को लेकर मंदिरों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और व्यवस्थाओं को लेकर लगातार बैठकें की जा रही है। मंदिर समितियां मनोकामना ज्योति की रसीदें कट रही हैं। देवी मंदिरों में ज्योति कलश प्रज्जवलित करने के साथ ही 9 दिनों तक विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान्न होगा।
बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारियां अंतिम दौर पर है। मंदिर का रंगरोगन और परिसर की साफ-सफाई के साथ ही समतलीकरण और लाइटिंग की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही प्रवेश और निकासी का रास्ता अलग-अलग कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशान न हो।
Chaitra Navratri : 20 एकड़ में बनाई गई पार्किंग
हर साल पार्किंग को लेकर हो रही परेशानियों को देखते हुए इस बार 20 एकड़ में पार्किंग बनाई गई है। समतलीकरण और लाइटिंग की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही प्रवेश और निकासी का रास्ता अलग-अलग कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशान न हो।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदिरों में केवल धार्मिक कार्यक्रम ही होंगे। नवरात्रि के दौरान मंदिर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा रहेगी। एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। 8-8 घंटे के अंतराल में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 24 घंटे बिजली और फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रहेगी। मंदिर में सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे पुलिस व कार्यपालन दंडाधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
Chaitra Navratri : जानिए कहां-कहां देवी मंदिरों में जलेंगे ज्योति-कलश
रतनपुर की महामाया मंदिर इस साल 25 हजार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित करने की तैयारी पूरी कर ली है। 24 हजार से अधिक लोगों ने रसीद कटवा ली है।
शहर के काली मंदिर तिफरा में 4 हजार, मां त्रिपुर सुंदरी मरीमाई मंदिर (रेलवे) में 1500, भैरव बाबा मंदिर रतनपुर में 1100, सतबहिनिया मंदिर बंधवापारा में 1001, श्री सिद्ध विनायक मंदिर रतनपुर में 501, मां मंगला गौरी धाम पोड़ी में 501, काली मंदिर कुदुदंड में 251
दुर्गा मंदिर जरहाभाठा में 300, हरदेव लाल मंदिर में 251, दक्षिणेश्वर काली मंदिर डबरीपारा में 150, दुर्गा मंदिर पुलिस लाइन में 101, पीतांबरा पीठ सरकंडा में 108, लक्ष्मी नारायण मंदिर सदर बाजार में 51 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित करने की तैयारी की जा रही है।
Chaitra Navratri : निशुल्क भंडारे के लिए 30 सिलेंडर देने का प्रशासन ने दिया आश्वासन
गैस की कमी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट के समाने परेशानी खड़ी हो गई है कि वे 9 दिन चलने वाले निशुल्क भंडारा कैसे पकाएंगे। इस समस्या को मंदिर ट्रस्ट ने प्रशासन के समाने रखा। इस पर प्रशासन की ओर से 30 सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को भोजन मिल सके।
Chaitra Navratri : पैदल यात्रियों को वापस जाने 20 बसों की व्यवस्था
ट्रस्टी सतीश शर्मा ने बताया कि, सप्तमी पर पूरी रात भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर का पट खुला रहेगा। पैदल यात्रियों को वापस जाने के लिए बस की व्यवस्था की गई है। 20 बसें तैनात रहेंगी, जो पैदल यात्रियों को वापस ले जाएंगी।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शहर के व्यवसायियों से अपने सीसीटीवी कैमरों का एंगल मुख्य सड़क की ओर रखने का निर्णय लिया गया। हेलीपेड क्षेत्र में आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। नवरात्रि पर्व के दौरान रतनपुर नगर पालिका परिषद को विशेष साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Chaitra Navratri : भगुआमय हुआ शहर, कल शाम निकलेगी शोभायात्रा
हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) के स्वागत को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति के अनुसार 19 मार्च को शाम 4 बजे पुलिस मैदान से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मागों से होते हुए तिलक नगर हनुमान मंदिर पहुंचेगी।
यहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समिति के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें कर लोगों से शोभायात्रा में शामिल होने, चौक-चौराहों पर स्वागत करने तथा घरों में रंगोली बनाकर दीप जलाने की अपील कर रहे हैं।
आयोजन समिति का कहना है कि इस बार हिंदू नववर्ष की शोभायात्रा महाकुंभ के रूप में देखने को मिलेगी।
Chaitra Navratri : भगवान श्रीराम के साथ श्याम खाटू की झांकी
शोभायात्रा की शुरुआत में 20 से अधिक पंडित श्रद्धालुओं को तिलक लगाएंगे। पूरे आयोजन की मॉनिटरिंग के लिए 150 वालंटियर वॉकी-टॉकी के साथ तैनात रहेंगे। शोभायात्रा की खास बात यह होगी कि इसमें खाटू श्याम की भव्य झांकी भी निकाली जाएगी। इसे फूलों से सजाने के लिए कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं।
खाटू श्याम के साथ निशान लेकर भक्त शोभायात्रा में शामिल होंगे, जिन्हें तिलक नगर हनुमान मंदिर में अर्पित किया जाएगा। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में भगवा ध्वज लगाएं, रंगोली बनाएं और दीप जलाकर हिंदू नववर्ष का स्वागत करें और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दें।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


