Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में लू से पहली मौत, दुर्ग में 44 डिग्री तापमान, 29 मई तक राहत के आसार नहीं

छत्तीसगढ़ में लू से पहली मौत, दुर्ग में 44 डिग्री तापमान, 29 मई तक राहत के आसार नहीं
X

छत्तीसगढ़ में लू से पहली मौत, दुर्ग में 44 डिग्री तापमान, 29 मई तक राहत के आसार नहीं

CG Weather Update: रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार दूसरे दिन ज्यादातर इलाकों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। वहीं बिलासपुर के मस्तूरी में लू से एक बुर्जुग ​भिखारी की मौत हो गई।

CG Weather Update: बाजार के पास अकड़ी मिली डेडबॉडी

ग्राम जोंधरा का रहने वाला भिखारी शाम को बाजार के पास मृत मिला। जूता दुकान के बाहर उसका शव पड़ा था। बुजुर्ग दो महीने से जोंधरा में था और भिक्षा मांगकर जीवन यापन कर रहा था। वह दिनभर इधर उधर घूमता था और रात को कहीं भी सो जाता था। पिछले दो दिन से वह बीमार था। भीषण गर्मी और लू के बीच भी वह बाजार के पास ही पड़ा था।

CG Weather Update: राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना

राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। यानी दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।

CG Weather Update: सुबह 10 बजे से धूप का तेज असर

सुबह 10 बजे के बाद ही धूप का असर तेज होने लगता है, जबकि दोपहर 12 बजे के बाद लू चलने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि शाम 5 बजे के बाद भी गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही।

पिछले 24 घंटे में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में 44.2 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री, जगदलपुर में 42.4 डिग्री और अंबिकापुर में 41.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, अंदरूनी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखा जा रहा है।

CG Weather Update: अगले तीन और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू होने के संकेत मिले हैं। मध्य छत्तीसगढ़ में 29 मई के बाद मौसम बदल सकता है और तब जाकर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019