CG Weather News: Weather pattern shifts ahead of the monsoon's arrival; alert issued for rain and lightning in Chhattisgarh over the next five days.
CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही आगामी पांच दिनों तक कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
CG Weather News : शुक्रवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। वहीं 42 डिग्री तापमान के साथ राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि देर रात तक बारिश नहीं हुई।
CG Weather News : मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों में पिछले दो दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आई है। बस्तर संभाग में हो रही लगातार हल्की बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का संकेत दे रही है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
CG Weather News : बस्तर संभाग के जिलों में यलो अलर्ट-
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
CG Weather News : रायपुर में आज बारिश के आसार-
राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के संकेत हैं। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

