CG Weather News: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

Weather
Weather
CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम अचानक करवट बदल रहा है। रविवार शाम से पहले राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर उन लोगों से जो शाम को बाहर घूमने की योजना बना रहे हैं।
CG Weather News: किन जिलों में जारी हुआ बारिश का अलर्ट?
मौसम विभाग के मुताबिक निम्नलिखित जिलों में अगले तीन घंटों के भीतर बारिश की संभावना है: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर। इन क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
CG Weather News: मौसम बदलने की वजह क्या है?
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव क्षेत्र और समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैले चक्रीय परिसंचरण से नमी आ रही है।
साथ ही दो अन्य द्रोणिकाएं भी सक्रिय हैं:
- पहली द्रोणिका पूर्वोत्तर बांग्लादेश से दक्षिण गुजरात तक 3.1 किमी की ऊंचाई पर फैली है।
- दूसरी मध्य पाकिस्तान से मेघालय तक 0.9–1.5 किमी की ऊंचाई पर फैली हुई है।
इन कारणों से छत्तीसगढ़ में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
CG Weather News: बीते 24 घंटे का हाल
शनिवार को सरगुजा संभाग में कुछ जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।
- माना में अधिकतम तापमान 37.4°C
- पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22°C दर्ज किया गया।
CG Weather News: मानसून फिर होगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियों में और इजाफा होगा। नागरिकों से खुले स्थानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न रुकने और मौसम से जुड़ी हर अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।


