CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में सर्दी का डबल अटैक, दो दिन शीतलहर–कोहरे का कहर, फिर मिलेगी राहत

CG Weather Alert : रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुष्क और ठंडी हवाओं की वापसी ने एक बार फिर सर्दी के तेवर तीखे कर दिए हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है, खासकर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर सबसे ज्यादा नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट ने लोगों को कंपकंपा दिया है।
CG Weather Alert : मध्य छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद आई ठंडी हवा का सबसे ज्यादा प्रभाव रायपुर और दुर्ग संभाग में देखने को मिला। यहां रात की ठंड इतनी बढ़ गई है कि दिन की धूप भी बेअसर साबित हो रही है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान 1 से 4 डिग्री तक गिरने से रात में शीतलहर और सुबह घनी धुंध छाई रही।
CG Weather Alert : 2 दिन तक शीतलहर और कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। बुधवार को उत्तरी जिलों के एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाने के आसार जताए गए हैं।
CG Weather Alert : 15 जनवरी के बाद राहत के संकेत
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 15 जनवरी तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इससे ठंड के असर में भी कमी आने की संभावना है। फिलहाल प्रदेशवासियों को अगले दो दिन ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की जरूरत है, जबकि 15 जनवरी के बाद सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


