CG News : युवक ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में ब्लैकमेल का आरोप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

CG News : दुर्ग। भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित कोहका हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव उसके किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान मोहन कुमार रामटेके के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया गया है।
CG News : मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने दो लोगों राजू पाल और सोनिया गोस्वामी पर ब्लैकमेल और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। नोट में लिखा गया है कि दोनों उस पर 10 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे और पैसे नहीं देने पर किसी मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रहे थे। मृतक ने यह भी उल्लेख किया कि “मेरी मौत को नजरअंदाज न किया जाए” और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
CG News : हालांकि, मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। उसके सिर और नाक पर चोट के निशान मिलने से संदेह और गहरा गया है। मृतक के भाई नवीन कुमार रामटेके ने आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, मोहन पेशे से पेंटर और कुक था और पिछले 5-6 महीनों से इस इलाके में किराए पर रह रहा था।
CG News : उसकी दो बेटियां हैं, जबकि उसकी पत्नी इस समय अस्पताल में भर्ती है और आज ही उसका ऑपरेशन होना था। बताया गया कि मृतक शुक्रवार शाम अस्पताल से घर लौटा था, जिसके बाद आज सुबह उसकी मौत की खबर सामने आई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।


