CG News: मामाभांचा संकुल में शिक्षक संगोष्ठी आयोजित, शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने पर हुआ मंथन
CG News: महासमुंद: महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के संकुल केंद्र मामाभांचा में 11 जुलाई 2026 (शनिवार) को शाला समय के बाद दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचेड़ा के सभागार में संकुल स्तरीय शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। यह कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी. एन. दीवान एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामता प्रसाद मन्ना डे के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
शैक्षिक विषयों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के बीच अनुभव साझा करना, सहयोग बढ़ाना, विद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करना और शैक्षिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना था। संकुल समन्वयक देवेंद्र चंद्राकर ने विद्यालय संचालन से जुड़े 21 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें समयबद्धता, समय-सारणी के अनुसार पढ़ाई, डेली डायरी, पालकों और शाला प्रबंधन समिति के साथ समन्वय, जाति प्रमाण पत्र तथा शासन की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
शिक्षकों ने साझा किए अनुभव
रोहित कुमारी ठाकुर, लता हिरवानी और मीना चंद्राकर ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। वहीं शकुन चंद्राकर, रुक्मणी साहू, राजेश कुमारी मधुकर, कुमारी साहू, तुमेश्वर ठाकुर, रोहित कुमारी ठाकुर और ज्योत्सना सेन ने विद्यालयों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
मार्गदर्शन से मिला उत्साह
मुख्य अतिथि मिलेंद्र प्रसाद मिश्रा और राजेंद्र कुमार सवई ने अपने शैक्षिक अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विजय घाडगे ने शिक्षकों को शैक्षिक गतिविधियों और शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी गुरु और चमन चंद्राकर ने किया।

